सन फार्मा में कांगड़ा के युवक की संदिग्ध मौत, तनाव…
सन फार्मा में कांगड़ा के युवक की संदिग्ध मौत, तनाव…
कंपनी प्रबंधन ने पुलिस फोर्स बुलाई, सैकड़ों लोग कंपनी गेट पर जमा…
छुट्टी से लौटने के बाद कंपनी ने जारी किया था नोटिस, दबाव में था युवक…
न्यूज़ एप/पांवटा साहिब
देश की जानी मानी दवा निर्माता कंपनी सन फार्मा में एक युवक के संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला का रहने वाला था।
मौके पर अपुष्ट सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार पांवटा साहिब स्थित दवा निर्माता कंपनी सन फार्मा में एक कर्मचारी की मौत हो गई। कर्मचारी हाल ही में छुट्टी काट कर कंपनी लौटा था।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम कंपनी में पहुंच गई। लेकिन देखते ही देखते कंपनी परिसर के समक्ष सैंकड़ों लोग एकत्रित हो गए। इससे बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस थाना से अतिरिक्त फोर्स बुलानी पड़ी।
अभी तक मिली जानकारी के अनुसार कांगड़ा के रहने वाला युवक राकेश छुट्टी काट कर कंपनी लौटा था। युवक के कंपनी लौटते ही प्रबंधन ने उसे नोटिस थमा दिया। जिससे वह तनाव में था।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची मृतक की पत्नी ने स्वीकारा की वह कंपनी प्रबंधन के रवैए के कारण तनाव में था। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
समाचार लिखे जाने तक मौके पर जांच जारी थी। पुलिस ने शव अपने कब्जे में ले लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा ताकि मौत के कारणों का पता चल सके। अभी तक कंपनी प्रबंधन और पुलिस की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक सूचना जारी नही की गई है।
