तेंदुए का हमला: शमाह पम्ता में किसान की 6 बकरियां मारी, हजारों का नुकसान

तेंदुए का हमला: शमाह पम्ता में किसान की 6 बकरियां मारी, हजारों का नुकसान

न्यूज़ एप/पांवटा साहिब

गिरिपार क्षेत्र के शमाह पम्ता पंचायत के धनाला गांव में एक किसान के बाड़े पर देर रात तेंदुए ने हमला कर दिया। इस हमले में 6 बकरियों की मौत हो गई, जिससे किसान हरिराम को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है।

शनिवार देर शाम को हरिराम ने अपनी बकरियों को बाड़े में बंद किया था। देर रात तेंदुआ बाड़े का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस आया और 6 बकरियों को अपना शिकार बना लिया। रविवार सुबह जब हरिराम बाड़े में गया, तो दरवाजा टूटा हुआ था और बकरियां मृत पड़ी थीं।

*ग्रामीणों में दहशत*

इस घटना से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया है। स्थानीय निवासी रामंभज कपूर, अजय कपूर, अत्तर सिंह कपूर और जगदीश कपूर ने बताया कि क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे पशुओं और लोगों की सुरक्षा खतरे में है। उन्होंने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।

*किसान ने की मुआवजे की मांग*

पीड़ित हरिराम ने प्रशासन और सरकार से शीघ्र मुआवजा देने की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि इस नुकसान से उनका परिवार आर्थिक संकट में आ गया है।

*वन विभाग की कार्रवाई*

वन विभाग कफोटा के रेंज अधिकारी अनुज तोमर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया है। किसान को उचित मुआवजा दिया जाएगा और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

*सुरक्षा की चिंता*

ग्रामीणों ने बताया कि इस क्षेत्र में पहले भी कई बार तेंदुए के हमले हो चुके हैं, लेकिन विभाग की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!