जयराम ठाकुर ने पीएम मोदी को दिया हिमाचल आने का न्योता, डेढ़ घंटे की मुलाकात में इन विषयों पर भी चर्चा हुई
जयराम ठाकुर ने पीएम मोदी को दिया हिमाचल आने का न्योता, डेढ़ घंटे की मुलाकात में इन विषयों पर भी चर्चा हुई
न्यूज़ एप/शिमला
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने एनडीए सरकार का आठ साल का कार्यकाल पूरा होने के मौके पर बनाए जाने वाले कार्यक्रम पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हिमाचल आने का न्योता दिया है। करीब डेढ़ घंटे तक चली बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हिमाचल आने का आमंत्रण दिया। इस दौरान प्रदेश से जुड़े लंबित मामलों पर चर्चा हुई। जिनमें मंडी का ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट शामिल है, विशेष केंद्रीय सहायता पर भी बात हुई। इस वर्ष जून से जीएसटी का मुआवजा बंद हो रहा है यह मामला भी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री के समक्ष रखा। इसके अतिरिक्त प्रदेश के ताजा राजनीतिक हालात पर भी चर्चा हुई। हालांकि अभी तक पीएम मोदी के दौरे को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। लेकिन यह तय है कि पीएम मोदी इस माह के अंत में हिमाचल आएंगे। बताया जा रहा है पीएम मोदी 30 या 31 मई को हिमाचल आ सकते हैं।
जयराम ठाकुर ने केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री से भेंट की
शिमला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज नई दिल्ली में केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, रसायन एवं उर्वरक मंत्री मनसुख एल मांडविया से भेंट की। मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय मंत्री को अवगत करवाया कि अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बिलासपुर का कार्य इस वर्ष जुलाई माह तक पूर्ण कर लिया जाएगा और प्रदेश सरकार इसे जनता को समर्पित करने के लिए अथक प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस महत्वकांक्षी परियोजना के शुभारम्भ के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से आग्रह करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य संस्थानों का सुदृढ़ नेटवर्क है तथा एम्स के आरंभ होने से यह वर्तमान स्वास्थ्य अधोसंरचना एवं सुविधाओं के क्षेत्र में एक और मील पत्थर सिद्ध होगा। मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय मंत्री से बल्क ड्रग फार्मा पार्क की स्वीकृति के लिए भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश एशिया में सबसे बड़े फार्मा हब के रूप में जाना जाता है तथा राज्य में बल्क ड्रग पार्क स्थापित होने से औद्योगिकीकरण को और बढ़ावा मिलने के साथ-साथ राज्य में कच्चे माल के उत्पादन से फार्मा उद्योग को भी संबल मिलेगा। उन्होंने कहा कि इससे फार्मा उद्योग के लिए कच्चे माल के आयात की अन्य देशों पर निर्भरता भी कम होगी।
