HPBOSE ने घोषित किया 12वीं कक्षा के नियमित परीक्षार्थियों की टर्म-1 परीक्षा का परिणाम….
HPBOSE ने घोषित किया 12वीं कक्षा के नियमित परीक्षार्थियों की टर्म-1 परीक्षा का परिणाम….
न्यूज़ एप/धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 12वीं कक्षा के नियमित परीक्षार्थियों की नवम्बर 2021 में संचालित टर्म-1 की थ्योरी परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। 87860 विद्यार्थियों में से 87340 परीक्षार्थियों ने टर्म-1 परीक्षा दी है। धर्मशाला में प्रैस वार्ता के दौरान बोर्ड अध्यक्ष डाॅ. सुरेश कुमार सोनी ने कहा कि 12वीं का टर्म-1 परीक्षा परिणाम एवरेज रहा है। 455 परीक्षार्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे हैं। 62 परीक्षार्थियों का परिणाम आरएलडी रहा है तथा डबल रोल नम्बर होने के कारण 3 विद्यार्थियों का परिणाम कैंसल हुआ है। आरएलडी वाले विद्यार्थियों की टर्म-1 परीक्षा फरवरी माह के अंत या मार्च माह के पहले सप्ताह में करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा परिणाम बोर्ड की वैबसाइट पर अपलोड किया गया है। समस्त संबंधित स्कूलों के यूजर आईडी में भी अपलोड कर दिया जाएगा। दसवीं के विद्याॢथयों की टर्म-1 परीक्षा का परिणाम 2 या 3 दिनों के भीतर घोषित कर दिया जाएगा। इस अवसर पर बोर्ड सचिव मधु चौधरी मौजूद रही।
अप्रैल में होगी टर्म-2 परीक्षा
बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि 12वीं की टर्म-1 परीक्षा में अनुपस्थित रहने वाले 455 विद्यार्थी टर्म-2 परीक्षा नहीं दे पाएंगे। अनुपस्थित रहे परीक्षार्थियों की गैर मौजूदगी बारे यदि संबंधित स्कूल के प्रिंसीपल कोई वैध कारण बताते हैं तो ही ऐसे परीक्षार्थियों के बारे में बोर्ड विचार करेगा। उन्होंने कहा कि टर्म-2 परीक्षा अप्रैल में होगी। परीक्षार्थियों का परीक्षा परिणाम उनके कुल प्राप्त अंक तथा उन अंकों की वेटेज जिस बारे पहले अधिसूचना जारी की गई है के अनुसार तैयार किया गया है। इस परीक्षा परिणाम में परीक्षार्थी के प्रैक्टीकल अंक तथा इंटरनल असैस्मैंट को सम्मिलित नहीं किया गया है। यह परीक्षा परिणाम परीक्षार्थी की थ्योरी परीक्षा में प्राप्त अंकों की वेटेज निकालकर तैयार किया गया है। फाइनल परीक्षा परिणाम टर्म-1 व टर्म-2 की परीक्षा के अंकों को साथ जोड़कर वेटेज अनुसार तथा आईएनए एवं प्रैक्टीकल अंकों को जोड़ कर घोषित किया जाएगा। टर्म-2 परीक्षा के उपरांत ही मैरिट सूची बनाई जाएगी।
विद्यार्थी के मन से निकलेगा परीक्षाओं का डर
डाॅ. सोनी ने कहा कि परीक्षाओं का डर उनके मन से निकलेगा और विद्यार्थी अपने आप को टर्म-1 परिणाम से यह पता लगा पाएंगे कि उनकी परफॉर्मैंस क्या है और टर्म-2 में वह ज्यादा मेहनत करेंगे। अंक सुधार करने में उन्हें सहायता मिलेगी। टर्म-1 में किसी को भी फेल नहीं किया गया है।
पुनर्मूल्यांकन/पुनर्निरीक्षण करवाने के लिए 23 तक आवेदन
परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन/पुनर्निरीक्षण करवाने के इच्छुक परीक्षार्थी केवल ऑनलाइन द्वारा संबंधित शिक्षण संस्थान के माध्यम से बोर्ड वैबसाइट पर पुनर्मूल्यांकन के लिए 500 रुपए व पुनर्निरीक्षण के लिए 400 रुपए प्रति विषय के हिसाब से 23 फरवरी तक आवेदन कर सकते हैं। पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन करने के लिए संबंधित विषय में कम से कम 20 फीसदी अंक होना अनिवार्य हैं। ऑफलाइन आवेदन पत्र मान्य नहीं होंगे।
