गिरिपार क्षेत्र की बेटी नेहा कपूर ने नर्सिंग ऑफिसर बनकर क्षेत्र का नाम किया रोशन, क्षेत्र में खुशी की लहर..
गिरिपार क्षेत्र की बेटी नेहा कपूर ने नर्सिंग ऑफिसर बनकर क्षेत्र का नाम किया रोशन, क्षेत्र में खुशी की लहर..
AIIMS के NORCET टेस्ट मे पूरे देश मे हासिल किया 689वां रैंक….
न्यूज़ एप/पांवटा साहिब

गिरिपार क्षेत्र की बेटी कपूर ने नर्सिंग ऑफिसर बनकर क्षेत्र का नाम किया रोशन। उपमंडल पांवटा साहिब के कोड़गा पंचायत की नेहा कपूर ने एम्स नर्सिंग ऑफिसर काॅमन एलिजिबल टेस्ट 2021 पास किया है। नेहा का पूरे देश में 689 रैंक है जो अपने आप मे उनकी काबिलियत बताती है। नेहा कपूर पुत्री रघुवीर सिंह कपूर अधिवक्ता एवं सरिता ठाकुर गांव कोड़गा, तहसील कमरऊ की रहने वाली है। नेहा कपूर की प्रारंभिक शिक्षा कोड़गा गांव से ही हुई है। उसके बाद गोरखुवाला में स्थित एक निजी स्कूल में दसवीं की परीक्षा पास की। जमा दो की परीक्षा मेडिकल साइंस से राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पांवटा साहिब से उतीर्ण की। नेहा कपूर ने बीएससी नर्सिंग मुरारीलाल मेमोरियल नर्सिंग कॉलेज ओच्छघाट सोलन से की तथा मेरिट में बीएससी नर्सिंग की डिग्री हासिल की। उसके बाद नेहा ने गत 20 नवंबर 2021 को नर्सिंग ऑफिसर पद हेतु एम्स यूनिवर्सिटी की परीक्षा दी और 15 दिसंबर को आए परीक्षा परिणाम में नेहा कपूर ने पूरे देश में 689वां रैंक हासिल किया है, जो गिरिपार क्षेत्र की शान को बढ़ा गया है।
नेहा कपूर के परिवार में छोटा भाई भारतीय सेना में तैनात है। मां सरिता ठाकुर राजकीय अस्पताल राजपुर में नर्स के तौर पर अपनी सेवाएं जनता को दे रही है। पिता अधिवक्ता है। नेहा ने अपने स्कूली कार्यकाल में खेलकूद स्पर्धा में भी नाम कमाया है। नेहा बचपन से ही पढ़ाई मे होनहार रही। जिला सिरमौर प्राथमिक निदेशक द्वारा आठवीं परीक्षा में नेहा को अंग्रेजी और गणित में 100 में से 100 अंक लेने पर प्रशस्ति प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया है। वह अपनी इस
उपलब्धि के लिए अपने गांव कुलदेवी मां ठारी और कुलदेव परशुराम भगवान के आशीर्वाद को कभी नहीं भूलती। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र मे खुशी की लहर है और लोग नेहा व उसके परिजनों को बधाईयाँ दे रहे हैं।
