खोदरी में स्थापित किया जाएगा 33 केवी का सब स्टेशन- ऊर्जा मंत्री…
खोदरी में स्थापित किया जाएगा 33 केवी का सब स्टेशन- ऊर्जा मंत्री…
सुखराम चौधरी ने ग्राम पंचायत खोदरी और गोजर अडायन में सुनी जन समस्याएं और की अनेक घोषणाएं
न्यूज़ एप/पांवटा साहिब
ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत खोदरी में 33 केवी का सब स्टेशन खोलने की घोषणा की जिससे इस पंचायत के साथ लगते छह अन्य पंचायतों को भी लाभ मिलेगा।
ऊर्जा मंत्री आज ग्राम पंचायत खोदरी में जन समस्याऐं सुन रहे थे तथा इस दौरान उन्होंने अधिकतम समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया और इस क्षेत्र के लिए कई घोषणाएं की।
उन्होंने ग्राम पंचायत खोदरी के पहाड़ वाला में नया पंप हाऊस लगाने के आदेश दिए। इसके अतिरिक्त, खोदरी पंचायत में सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए पहली किश्त के तौर पर 4.70 लाख देने की घोषणा की और शेष राशि भी जल्द जारी करने का आश्वासन दिया।
ऊर्जा मंत्री ने खोदरी में जल्द ही पशु औषधालय खोलने की घोषणा के साथ पीने के पानी व सिंचाई के लिए 4 बोर लगाने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त, उन्होंने स्थानीय महिला मंडल को 21000 रुपए देने की भी घोषणा की।
सुख राम चौधरी ने बताया कि प्रदेश सरकार ने 80 से 70 वर्ष आयु सीमा करके बुजुर्गो को पेंशन सुविधा दी है, जिसमें उन्हें प्रतिमाह 1500 रूपये दिए जा रहे है। प्रदेश में लगभग 4.50 लाख बुजुर्गों को पेंशन सुविधा दी जा रही है जिस पर सरकार द्वारा हर वर्ष 840 करोड़ रूपये व्यय किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त सरकार ने स्वर्ण जयंती नारी संबल योजना के अंतर्गत 65 से 69 वर्ष की आयु की सभी पात्र महिलाओं को पेंशन की सुविधा शुरु की है। सरकार इन्हें बिना किसी आय सीमा की शर्त के 1000-1000 रुपये प्रतिमाह देगी।
उन्होंने बताया कि गृहणियों को धुआं युक्त ईंधन से मुक्ति दिलाने के लिए शुरू की गई हिमाचल गृहणी सुविधा योजना के अंतर्गत अकेले जिला सिरमौर ने योजना के क्रियान्वयन को लेकर नये मानदंड स्थापित किये है। जिले में योजना के तहत पावंटा साहिब में लगभग 11,000 कनैक्शन आवंटित किये गये है।
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के मध्यनजर लगे लॉकडाउन में भी प्रदेश सरकार ने विकास कार्यो को जारी रखा और सभी क्षेत्रों में समग्र विकास सुनिश्चित किया। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में चल रहे विकास कार्यो को ओर गति दी जाएगी ताकि लोगों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अरविंद गुप्ता, बीडीसी चेयरमैन हितेंद्र कुमार, बीडीओ पांवटा गौरव धीमान, नायब तहसीलदार आर एस बेदी, स्थानीय प्रधान बबीता, उपप्रधान देशराज शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
इसके पश्चात उर्जा मंत्री ने ग्रांम पंचायत गोजर अडायन में जन समस्याएं सुनी और मूलभूत सुविधाओं से सम्बन्धित समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रांम पंचायत में सिंचाई के लिए 2 टयूबवेल लगाने की घोषणा की।
*बॉक्स*
गत दिवस देर सांय ऊर्जा मंत्री सुख राम चौधरी ने पांवटा साहिब की ग्राम पंचायत मानपुर देवड़ा में सैकड़ों शिकायतों का मौके पर निपटारा किया।
इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि मानपुर देवड़ा पंचायत में 10 करोड़ की लागत से अटल आदर्श विद्यालय की स्थापना की जाएगी। अटल आदर्श विद्यालय के तहत बच्चों को बेहतर शिक्षा सुविधा के साथ अनेक सुविधाएं विद्यालय में ही प्राप्त होंगी।
ऊर्जा मंत्री सुख राम चौधरी ने ग्राम पंचायत मानपुर देवड़ा में 4 ट्यूबवेल सिंचाई के लिए लगाने की घोषणा की जिनमें से 2 ट्यूबवेल का काम जल्दी शुरू किया जाएगा ताकि पूरे गांव के खेतों में सिंचाई की व्यवस्था की जा सके। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि मानपुर देवड़ा के हर घर को पीने के पानी की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए नई पाइप लाइन बिछाई जाएगी।
