पांवटा साहिब : ऊर्जा मंत्री के भाई के घर में चोरी, लाखों की नगदी गहने ले उड़े बदमाश
पांवटा साहिब : ऊर्जा मंत्री के भाई के घर में चोरी, लाखों की नगदी गहने ले उड़े बदमाश
एसपी डीएसपी सहित मौके पर डटी पुलिस टीम, जांच जारी….
चोरी के दौरान घर में ही मौजूद थे 9 सदस्य और पालतू कुत्ता…
न्यूज़ एप/पांवटा साहिब
उपमंडल पांवटा साहिब में ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी के बड़े भाई बहादुर सिंह के घर में बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। बदमाश नगदी और लाखों रूपये के गहनों का संदूक उठाकर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात अज्ञात बदमाशों ने यहां पुरुवाला पंचायत में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।
बहादुर सिंह(67) पुत्र स्व तुलसी राम निवासी गांव अमरगढ़ डाकघर पुरुवाला पांवटा साहिब, जिला सिरमौर ने पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है।
शिकायत कर्ता ने बताया कि 11 जुलाई को वे सभी घर पर थे। इसकी बहन प्रितो देवी भी कल इनके घर आई थी। रात को यह सब खाना खाने के उपरांत सो गए।
सोने से पहले 12:30 व 1:00 बजे के बीच यह सभी बहन प्रितो के साथ बरामदा में बैठकर बातचीत करते रहे। यह बरामदा में लगी चारपाई पर सो गया। इस दौरान उनका पालतू कुत्ता भी वहीं पर था।
इसकी पत्नी व बहन बरामदा के साथ ही कमरा में सो गये तथा तीनो बेटे अपने अपने कमरे में अपने बच्चो सहित सो गये।
सुबह 6:00 को इसकी पत्नी उठी तो देखा कि कमरा में पेटी के उपर एक छोटा संदूक मौजूद नही था जिसमें ताला लगा हुआ था व उसकी चाबी इसके पास थी।
कोई अज्ञात व्यक्ति उस ट्रंक को ही उठाकर ले गया। जिसमें करीब 95,000/- रुपये नकदी, एक चैन सोना 3 तोला, 2 जोड़ी बालीयाँ सोना, 2 अगुँठिया सोना, 4 जोड़ी पैरो की पाजैब चाँदी, 2 तबितियां सोना रखी हुई थी।
शिकायत कर्ता ने संदेह जताया कि किसी ऐसे व्यक्ति ने वारदात को अंजाम दिया है जिसे सामान के ट्रंक में रखने बारे किसी व्यक्ति को पूरी जानकारी थी। इस वारदात को रात्री 1:00 से 4:00 बजे के बीच अंजाम दिया गया। हालांकि उन्होंने किसी पर शक नही जताया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ केसी शर्मा, डीएसपी बीर बहादुर सहित पुलिस दल मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गया है।
उधर पांवटा साहिब के डीएसपी बीर बहादुर बताया की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
