आजादी के 70 साल बाद खुईनल गांव में पहुंची सड़क, ग्रामीणों ने नाच गाने के साथ मनाई खुशी….
आजादी के 70 साल बाद खुईनल गांव में पहुंची सड़क, ग्रामीणों ने नाच गाने के साथ मनाई खुशी….
ग्रामीणों ने सहयोग के लिए बलदेव तोमर व नेत्र चौहान का जताया आभार…
न्यूज़ एप/पांवटा साहिब
गिरिपार क्षेत्र के ग्राम पंचायत बलदुवा बोहल खुईनल का एक गांव ग्राम खुईनल पिछले 70 सालों से सड़क से महरूम था लेकिन आज 70 साल से उन पथराई आंखों का सपना पूरा हो गया जब जेसीबी मशीन राजमार्ग 707 कैंची मोड़ से बाया बनाणा होते हुए गांव में पहुंची। पंचायत के उप प्रधान और स्थानीय निवासी राकेश शर्मा एवं स्थानीय ग्रामीणों के अथक प्रयासों से यह कार्य आज पूर्ण हुआ। जैसे ही मशीन गांव में पहुंची महिलाओं ,बुजुर्गों और युवक-युवतियों ने मशीन के ड्राइवर और उप प्रधान का फूल मालाओं के साथ एवं रासा नृत्य के साथ गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। पिछले कई दशकों से सड़क से वंचित इस गांव ने कई दु:ख दर्द झेले हैं। बीमार स्थानीय जनता के छायाचित्र आज भी हमारी चेतना को झकझोरते हैं।बहुत समय से पहाड़ी की पीठ पर बसा यह गांव अपनी प्राकृतिक सुंदरता के साथ गिरिपार की ठेठ संस्कृति को संजोए हैं। लेकिन ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं के अभाव में कई पंचायतों में पलायन कर चुके हैं । सड़क पहुंचने पर स्थानीय ग्रामीणों ने कमरऊ वार्ड के जिला परिषद सदस्य सुमिता चौहान व समाज सेवी नेत्र चौहान का विशेष रूप से धन्यवाद किया। जिन के सहयोग से आज यह कार्य पूर्ण हुआ। उप प्रधान राकेश शर्मा ने विशेष रुप से खाद्य आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव सिंह तोमर का धन्यवाद किया जिन के सहयोग से व जिला परिषद के सहयोग से ग्रामीणों का कई दशकों का यह सपना साकार हुआ ।साथ ही ग्रामीणों ने सतौन पंचायत के पूर्व प्रधान रजनीश चौहान व सतीश तोमर तथा सोहन ठाकुर का धन्यवाद किया जिनका अमूल्य सहयोग कदम कदम पर मिलता रहा ।सड़क के लिए भूमि मालिकों का भी धन्यवाद किया जिन्होंने अपनी जमीन को बिना किसी हस्तक्षेप के सड़क के लिए दान में दिया ।सड़क पहुंचने से ग्रामीणों का बहुत उत्साह है।
