एंटी हिन्दू के साथ एंटी नेशन है आप, हिमाचल में भाजपा का मुकाबला सिर्फ कांग्रेस से : तेजस्वी सूर्या
एंटी हिन्दू के साथ एंटी नेशन है आप, हिमाचल में भाजपा का मुकाबला सिर्फ कांग्रेस से : तेजस्वी सूर्या
न्यूज़ एप/सोलन
भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने आम आदमी पार्टी (आप) को एंटी हिन्दू व एंटी नेशन करार दिया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में विधानसभा चुनाव में भाजपा का मुकाबला केवल कांग्रेस से है। आम आदमी पार्टी हिमाचल में कहीं मुकाबले में नहीं है। भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने सोलन में युवा मोर्चा द्वारा आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने विधानसभा में 1990 में हुए नरसंहार को झूठ करार दिया है। हैरानी की बात है कि जब वे सदन में इस नरसंहार को झूठा करार दे रहे थे तो उनकी पार्टी के विधायक हंस रहे थे। अरविंद केजरीवाल को आज स्पष्ट करना होगा कि वे आतंकवादियों के साथ खड़े हैं या फिर नरसंहार के शिकार पीड़ित परिवारों के साथ। एंटी हिन्दू आम आदमी पार्टी को जनता विधानसभा चुनाव में सबक सिखाएगी।
कार्यकर्ताओं के लिए शुरू कर रहे भारत दर्शन योजना
तेजस्वी सूर्या ने भाजयुमो की नई योजना का ऐलान करते हुए कहा कि अब वे अपनी पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए भारत दर्शन योजना को शुरू कर रहे हैं। इस योजना की शुरुआत उनके गृह राज्य कर्नाटक से होगी। इसमें भाजयुमो के 20 से 25 कार्यकर्ता पार्टी को मजबूत करने के लिए प्रवास करेंगे। भारत दर्शन में हिमाचल के भी 4 कार्यकर्ता ओं को मौका दिया जाएगा। उनकी प्राथमिकता इस योजना में मंडल व जिला भाजयुमो के कार्यकर्ताओं तथा नेताओं को मौका देने की है क्योंकि पार्टी को सबसे ज्यादा मजबूती मंडल व जिले के कार्यकर्ता व नेता प्रदान करते हैं।
जनता को डबल इंजन की सरकार पसंद
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर व गोवा में भाजपा की सरकार रिपीट होने से स्पष्ट हो गया है कि जनता को डबल इंजन की सरकार पसंद है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू हुई हैं। इनका लाभ भाजपा को विधानसभा चुनाव में मिला है। गुजरात के साथ हिमाचल में भी भाजपा की सरकार रिपीट होगी। प्रदेश में भले ही भाजपा का मुकाबला कांग्रेस से होगा लेकिन देश में अब यह पार्टी अपना अस्तित्व खोती जा रही है। आम आदमी पार्टी का हाल तो यूपी व उत्तराखंड की तरह होगा जहां पर आप प्रत्याशियों की हर निर्वाचन क्षेत्र में जमानत जब्त हुई।
हिमाचल से मेरा गहरा नाता
तेजस्वी सूर्या ने कहा कि हिमाचल से उनका गहरा नाता रहा है। वे सक्रिय राजनीति में आने से पहले छात्र राजनीति में थे। उन्होंने जब पहली बार एबीवीपी के जिस राष्ट्रीय अधिवेशन में भाग लिया था, उसका आयोजन ऊना में हुआ था। इसी तरह जब वे भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री थे, उस समय अनुराग ठाकुर भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। जब वे भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने तो उस समय भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा थे। इस तरह से हिमाचल के नेताओं के सान्निध्य में ही उनकी राजनीति आगे बढ़ी है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा के नेता उपस्थित थे।
हिमाचल देवभूमि के साथ वीरभूमि : सहजल
स्वास्थ्य मंत्री डा. राजीव सहजल ने कहा कि हिमाचल में भाजपा रिपीट होकर नया इतिहास रचेगी। डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश में चहुंमुखी विकास किया है। हिमाचल देवभूमि के साथ वीरभूमि है। इस राज्य का युवा भाजपा के समर्थन में खड़ा है क्योंकि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ युवाओं के साथ हर वर्ग को मिला है।
भाजयुमो का लक्ष्य मिशन रिपीट : अमित
भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष अमित ठाकुर ने कहा कि विधानसभा चुनाव में उनका लक्ष्य मिशन रिपीट है। युवा मोर्चा का शुक्रवार से सोलन में 3 दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण शिविर शुरू हो रहा है। इसमें करीब 250 कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं। मोदी व जयराम सरकार की नीतियों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में युवा अब भाजपा से जुड़ रहे हैं।
