लोंगों के प्रेरणास्रोत व बेसहारों के सहारा थे कंवर हरि सिंह: आरपी तिवारी
लोंगों के प्रेरणास्रोत व बेसहारों के सहारा थे कंवर हरि सिंह: आरपी तिवारी
हिमोत्कर्ष के संस्थापक स्व. कंवर हरि सिंह को किया गया याद
अस्पताल में मरीजों को फल वितरित कर सेवा दिवस के रूप में मनाया 83वां जन्मदिन
न्यूज़ एप/पांवटा साहिब
अनगिनत लोंगों के प्रेरणास्रोत व बेसहारों के सहारा रहे समाजसेवी स्व. कंवर हरि सिंह को पांवटा साहिब में याद किया गया। मंगलवार को उनके 83वेंजन्मदिन को सेवा दिवस के रुप में मनाया गया। इस मौके पर सिविल अस्पताल पांवटा साहिब के प्रभारी डॉ. अमिताभ जैन, समाजसेवियों ने मरीजों को फल वितरित किए। क्लीन पांवटा ग्रीन पांवटा ने कंवर कंवर हरी सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। पांवटा प्रेस क्लब अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद तिवारी ने कहा कि समाजसेवा के शिखर पुरुष कंवर हरि सिंह प्रदेश के पूर्व कर्मचारी नेता एवं साहित्यकार के साथ-साथ समाजसेवी
रहे। उन्होंने पीडि़त मानवता की सेवा में जीवन के अंतिम सांस तक जुटे रहे कंवर हरि सिंह(81) का दो वर्ष पहले निधन हो गया था। हिमोत्कर्ष के संस्थापक स्वयं में एक ही एक संस्था थे। अपनी लेखनी-पत्रकारिता के साथ-साथ साहित्य क्षेत्र को भी समृद्ध किया। सरकार की कई कमेटियों के भी महत्वपूर्ण सदस्य रहे। वर्ष 1939 में स्व. ठाकुर
रघुवीर सिंह व स्व. कृष्णा देवी के घर जन्मे कंवर हरि सिंह ने पठानकोट के एसएमएसडीआर
कॉलेज से 1960 में स्नातक उपाधि प्राप्त की। हिमाचल सरकार में अनूसूचित जाति एवं जनजाति विकास निगम के महाप्रबंधक पद से 1998 में सेवानिवृत्त होने से पहले केंद्र व प्रदेश सरकार में विभिन्न पदों पर कार्य किया। लगभग ढ़ाई दशक तक हिमाचल अराजपत्रित
कर्मचारी महासंघ के अग्रणी नेता व राज्य राजपत्रित अधिकारी संघ के भी प्रधान रहे। वर्ष 1974 में उन्होंने सहयोगियों के साथ मिलकर हिमोत्कर्ष संस्था की स्थापना की। वर्तमान समय में इस संस्था की प्रदेश में 12 शाखाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, गरीबों के उत्थान, महिला सशक्तिकरण तथा समाज सेवा के कार्य कर रही हैं। कंवर हरि सिंह नेशनल सोसायटी फॉर
प्रिवेंशन आफ ब्लाइंडनेस हिमाचल शाखा के भी फाउंडर जनरल सेक्रेटरी रहे।
