सिरमौर में दोस्त ने ही दोस्त को उतारा मौत के घाट, पुलिस टीम मौके पर पहुंच कर जांच में जुटी…
सिरमौर में दोस्त ने ही दोस्त को उतारा मौत के घाट, पुलिस टीम मौके पर पहुंच कर जांच में जुटी…
न्यूज़ एप/पांवटा साहिब
जिला मुख्यालय नाहन से पावंटा साहिब की ओर रुखडी गांव से गुजर रहे एनएच के समीप दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है। जिसमें एक व्यक्ति ने अपने ही एक दोस्त की गला रेत कर हत्या कर दी।
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार हत्या करीब 22 युवक मानसिंह निवासी उत्तर प्रदेश की हुई है। जबकि इस हत्या को अंजाम देने वाला मृतक का दोस्त दशरथ है, जोकि मौके से फरार हो गया है।
अभी तक जांच में सामने आया है कि घटना करीब रात के 11 बजे के आसपास की है। हत्या करने वाला दशरथ मृतक मानसिंह और उनका एक तीसरा दोस्त जीत सिंह तीनों ने इकट्ठे धौलाकुआं और कोलर के बीच जमकर शराब पी।
सूत्र बताते हैं कि दशरथ को शक था कि मान सिंह का उसकी पत्नी के साथ नाजायज संबंध है। बस इसी शक की बुनियाद पर उसने पहले से ही षड्यंत्र रचते हुए खाने पीने का इंतजाम किया। जबकि इससे पहले उसने अपने परिवार को माजरा से पावंटा भेज दिया।
जाहिर है सब कुछ पहले से ही प्लान हो रहा था। तीनों लोग फेरी का कार्य करते थे। दशरथ ने मानसिंह को जमकर शराब पिलाई और मोटरसाइकिल पर उसे अपने पीछे बिठाकर जीत सिंह को पीछे छोड़ तेजी से बाइक लेकर आगे निकल गया।
सतीवाला पंचायत के समीप रूखडी गांव आते ही एक निर्माणाधीन होटल के समीप उसने मोटरसाइकिल पर बैठे अपने दोस्त मानसिंह का गला रेत कर मार डाला।
इतने में पीछे से जीत सिंह वहां पहुंचा। जब तक वह वहां पहुंचा मानसिंह तड़प कर दम तोड़ चुका था। अपने दोस्त की हत्या हो जाने के बाद जीत सिंह ने पुलिस को सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस टीम दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गई। जीत सिंह ने बताया कि अंतिम सांसे लेते हुए मानसिंह ने बताया कि उसे दशरथ ने मारा है।
घटना बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हत्यारे की तलाश शुरू कर दी। वायरलेस के माध्यम से तमाम सीमा क्षेत्रों की नाकाबंदी की गई।
मगर तब तक हत्यारा बॉर्डर क्रॉस कर फरार हो चुका था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नाहन मेडिकल कॉलेज पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। मृतक के परिजनों को सूचना भी दे दी गई ।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ खुशाल चंद शर्मा ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर फरार अभियुक्त की तलाश जारी है। जल्द ही हत्यारा उनकी गिरफ्त में होगा।
