पुलिस पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों ने वन विभाग की भूमि पर किया है अवैध कब्जा, प्रशासन पर उठे सवालिया निशान…

पुलिस पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों ने वन विभाग की भूमि पर किया है अवैध कब्जा, प्रशासन पर उठे सवालिया निशान…

पृष्ठभूमि की जांच के तहत खंगाला जा रहा रिकार्ड, प्रशासन हरकत में आया

न्यूज़ एप/पांवटा साहिब

उपमंडल पांवटा साहिब के रामपुर घाट में पुलिस टीम पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस आरोपियों की पृष्ठभूमि की जांच कर रही है। इसके लिए अन्य विभागों से भी सहयोग मांगा गया है। रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है। इसी बीच यह बात भी सामने आ रही है कि रामपुरघाट में आरोपी वन विभाग की भूमि पर अवैध रूप से रह रहे हैं, जिसको लेकर वन विभाग भी अब हरकत में आ गया है। वन भूमि पर अवैध कब्जा सवालिया निशाना जरूर खड़े कर रहा है।
दरअसल चोरी के मामले में जांच करने गई पुलिस टीम पर गत दिनों रामपुर घाट में बंगालाबस्ती में जानलेवा हमला हुआ था। इस हमले में पुलिस के चार जवान घायल हुए थे। इसके बाद पुलिस ने अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। जैसे-जैसे पुलिस की जांच आगे बढ़ रही हैं, मामले में कई खुलासे हो रहे हैं।

वन भूमि पर कैसे हुआ कब्जा, प्रशासन अनजान

हमले के आरोपी पिछले कई सालों से वन विभाग की भूमि पर कब्जा करके अवैध रूप से रहे हैं। रामपुर घाट में आई.आई.एम. सिरमौर के पास करीब 50 से अधिक परिवारों ने अवैध कब्जा कर झोपड़ियां बनाई हुई है, लेकिन प्रशासन व वन विभाग ने अभी तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई। बताया जा रहा है कि पांवटा साहिब में इस तरह से विभिन्न स्थानों पर करीब 200 से अधिक परिवार अवैध कब्जा करके रह रहे है। सवाल उठ रहा है कि कैसे सरकारी जमीन पर कब्जा हो रहा है और प्रशासन इससे अनजान है।

बिजली का कनैक्शन भी जांच का विषय

हैरानी की बात है कि अवैध कब्जा करने वाले लोगों को बिजली बोर्ड ने बिजली के कनैक्शन किस आधार पर दिए है। लिहाजा बोर्ड के अधिकारियों पर भी सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। यह भी जांच का विषय है।

कहां से आए प्रशासन को भी नहीं कोई जानकारी

हमले के आरोपियों की पृष्ठभूमि क्या है और ये कहां से आए हैं, प्रशासन को इसके बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं है। यह पांवटा साहिब में कब से रह रहे है, यह भी जांच का विषय है। हालांकि हमले के बाद पुलिस इनका रिकॉर्ड खंगाल रही है और गंभीरता से जांच की जा रही है।

आरोपियों के साथी भी आपराधिक मामलों में संलिप्त

जानकारी के अनुसार पुलिस पर हमला करने वाले आरोपियों के कई अन्य साथियों को हरियाणा, पंजाब, दिल्ली व उत्तर प्रदेश पुलिस आपराधिक मामलों में कई बार गिरफ्तार कर चुकी है। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले पंजाब पुलिस हत्या के मामले में तीन आरोपियों गिरफ्तार कर चुकी है। इसके अलावा चोरियों की घटनाओं में भी कई बार संलिप्त पाए गए है। सूत्रों के अनुसार इनमें से कई लोग चोरी की वारदातों को अंजाम देकर छिपने के लिए भी पांवटा साहिब पहुंच जाते है, क्योंकि अपराधी अपने आप को यहां सुरक्षित महसूस करते हैं।

आरोपियों की पृष्ठभूमि की जांच जारी: एस.पी.

एस.पी. सिरमौर रमन कुमार मीणा ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने वाले आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है। साथ ही आरोपियों की पृष्ठभूमि की गहनता से जांच चल रही है। इस मामले में हर पहलू से जांच की जा रही है।

भूमि की करवाई जाएगी निशानदेही: डी.एफ.ओ.

वन मंडल पांवटा साहिब के डी.एफ.ओ. ऐश्वर्य राज ने बताया कि रामपुरघाट में झोपड़ी में रह रहे लोगों की भूमि की निशानदेही करवाई जाएगी। यदि यह भूमि वन विभाग की निकलती है, तो अवैध कब्जा करने वाले के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

बिजली के कनैक्शन देने की होगी जांच: दर्शन सिंह

उधर बिजली बोर्ड नाहन के अधीक्षण अभियंता दर्शन सिंह ठाकुर ने बताया कि रामपुर घाट में झुग्गियों में बिजली के कनैक्शन देने के बारे में अभी तक ऐसी कोई जानकारी नहीं है, लेकिन अगर ऐसा है, तो इस बारे में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन कर रहा जांच: एस.डी.एम.

स्थानीय एस.डी.एम. गुंजीत सिंह चीमा ने बताया कि रामपुर घाट में पुलिस पर किए गए हमले के मामले में प्रशासन जांच कर रहा है कि यह लोग कहां से आए है और यहां कब से रह रहे हैं। साथ ही कहा कि वन विभाग से मिलकर अवैध कब्जों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!