DC के आदेशों के बाद हरकत में आई सतौन पंचायत, लम्पी वायरस से पीड़ित बेसहारा गोवंश को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, पशुपालन विभाग कर रहे हैं निगरानी….
न्यूज़ एप/पांवटा साहिब
गिरिपार क्षेत्र के सतौन में सड़कों पर घूम रहे बेसहारा गोवंश को डीसी सिरमौर के आदेशों के बाद सतौन पंचायत ने लम्पी वायरस से पीड़ित पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रख दिया है। जहां पर पशुपालन विभाग के चिकित्सक पशुओं का उपचार कर रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पूरे प्रदेश में पशु लम्पी वायरस की चपेट में आ रहे हैं जिसमें सैकड़ों पशुओं ने दम भी तोड़ दिया है। सतौन क्षेत्र में दो दर्जन से अधिक बेसहारा गोवंश सड़कों पर घूम रहे हैं तथा इसमें से करीब 4 पशु लम्पी वायरस की चपेट में आ गए थे तथा बीमार पशु अन्य पशुओं के साथ घूम रहे थे जिससे अन्य पशुओं में भी लम्पी वायरस फैलने का खतरा पैदा हो गया था। इसकी सूचना डीसी सिरमौर आरके गौतम को मिली तो डीसी सिरमौर ने तुरंत स्थानीय प्रशासन व पंचायतों को इस पर संज्ञान लेने तथा लम्पी वायरस से पीड़ित पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखने के आदेश दिए। जिसके बाद सतौन पंचायत ने मंगलवार को लम्पी वायरस से पीड़ित चार पशुओं को सतौन में ही एक फैक्टरी में रख दिए हैं। जहां पर पशुपालन विभाग के चिकित्सक ने पशुओं को इंजेक्शन लगा दिए हैं तथा पशुपालन विभाग के कर्मचारी पशुओं की पूरी निगरानी रख रहे हैं।
पशुपालन विभाग सतौन के डॉक्टर अमित महाजन ने बताया की सतौन पंचायत ने लम्पी वायरस से पीड़ित चार पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखे हैं जहां पर पशुपालन विभाग के कर्मचारी समय समय पर उनकी जांच कर उनकों उपचार दे रहे हैं।
डीसी सिरमौर आरके गौतम ने बताया की संबंधित पंचायतों को निर्देश दिए गए है कि लम्पी वायरस से पीड़ित पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखकर पशुपालन विभाग को इसकी सूचना दी जाए ताकि समय पर पशुपालन विभाग के चिकित्सक पशुओं का उपचार कर सके।
