IPS रामेश्वर सिंह ठाकुर HPPSC के नए अध्यक्ष नियुक्त, अधिसूचना जारी
IPS रामेश्वर सिंह ठाकुर HPPSC के नए अध्यक्ष नियुक्त, अधिसूचना जारी
न्यूज़ एप/शिमला
प्रदेश सरकार ने आईपीएस अधिकारी रामेश्वर सिंह ठाकुर को हिमाचल लोक सेवा आयोग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। बता दें कि प्रदेश सरकार ने 17 अगस्त को लोकसेवा आयोग की सदस्य डॉ. रचना गुप्ता को अध्यक्ष बनाने की अधिसूचना जारी की थी, साथ ही 3 सदस्यों के तौर पर राकेश शर्मा, राजेश शर्मा और ओपी शर्मा का चयन किया था। सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के आधार पर 18 अगस्त को सुबह 8:30 बजे शपथ ग्रहण समारोह आयोजित करने के लिए निमंत्रण पत्र बांट गए लेकिन 17 अगस्त को भाजपा हाईकमान और पीएमओ के हस्तक्षेप के बाद शपथ समारोह को स्थगित कर दिया गया। इसके बाद डॉ. रचना गुप्ता ने राज्यपाल को ई-मेल के माध्यम से किन्हीं व्यक्तिगत कारणों के चलते अध्यक्ष बनने में असमर्थता जताई। इसके बाद डॉ. रचना गुप्ता को अध्यक्ष बनाने की अधिसूचना वापस लेने की फाइल सरकार ने राजभवन भेजी। अब सरकार ने आईपीएस अधिकारी रामेश्वर सिंह ठाकुर को आयोग का नया अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है। हालांकि शपथ ग्रहण समारोह का समय फिलहाल तय नहीं है।
वर्तमान में आईजी इंटैलिजैंस के पद पर दे रहे सेवाएं
शिमला के जुब्बड़हट्टी निवासी आईपीएस रामेश्वर सिंह ठाकुर को अमेरिका के प्रतिष्ठित पुरस्कार क्लार्क आर बेविन लॉ एनफोर्समैंट अवार्ड से नवाजा जा चुका है। वह 9 साल तक प्रधानमंत्री के विशेष सुरक्षा बल, एसपीजी में सेवाएं दे चुके हैं। उन्हें 2016 में राष्ट्रपति पुलिस पदक मिल चुका है। 1994 में पुलिस में जाने से पहले वह 1990 में भारतीय सेना से बतौर कैप्टन सेवानिवृत्त हुए। हिमाचल पुलिस में डीआईजी पद पर रहे हैं। वर्तमान में वह आईजी इंटैलिजैंस के पद पर सेवाएं दे रहे हैं।
