8 सालों से बिना डॉक्टर के चल रहा कोड़गा आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र, लोगों को झेलनी पड़ रही परेशानियां….
8 सालों से बिना डॉक्टर के चल रहा कोड़गा आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र, लोगों को झेलनी पड़ रही परेशानियां….
न्यूज़ एप/पांवटा साहिब
शिलाई विधानसभा क्षेत्र के तहत तीन पंचायतों का केंद्र बिंदु कोड़गा के राजकीय आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र में पीछले 8 सालों से डॉक्टर ना होने के कारण लोगों को बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कोड़गा पंचायत की प्रधान लीला देवी, पूर्व प्रधान मामराज कपूर,रणवीर कपूर, सुनील कपूर, सुखदेव सिंह,रंगी लाल, राकेश कपूर आदि ने बताया की कोड़गा पंचायत में प्रदेश सरकार ने कोड़गा, भजौन वह सखौली पंचायत के दर्जनों गांव के ग्रामीणों की सुविधा के लिए राजकीय आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र खोला था। जिसमें चिकित्सक, फार्मासिस्ट, नर्स, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी व पार्टटाइम वर्कर का पद है। उन्होंने बताया की यहां पर पहले डॉक्टर सहित पूरा स्टाफ था। लेकिन अक्टूबर 2013 में यहां पर तैनात चिकित्सक सेवानिवृत्त हो गया था। जिसके बाद से आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर का पद रिक्त चला हुआ है साथ ही नर्स व पार्टटाइम वर्कर का पद भी खाली है। आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र मात्र एक फार्मासिस्ट के हवाले चल रहा है। उन्होंने बताया की डॉक्टर ना होने के कारण तीन पंचायतों के लोगों को बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है तथा उपचार करवाने के लिए 25 किलोमीटर दूर सतौन व पांवटा साहिब जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया की राजकीय आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र में खाली पड़े पदों के बारे में कई बार सरकार व संबंधित विभाग को प्रस्ताव पारित कर भेज चुके है। लेकिन आज तक इस और कोई ध्यान नहीं दिया गया है। जिस कारण लोगों में सरकार के प्रति खासा रोष है।
उधर जिला आयुर्वेद अधिकारी राजन कुमार ने बताया की कोड़गा आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र में खाली पड़े पदों के बारे में उच्च अधिकारियों व सरकार को रिपोर्ट भेज चुके है। जैसे ही जिले में नये डॉक्टर आयेगें तो कोड़गा पीएचसी में भेज दिए जायेंगे।
