UP में बड़ा हादसा-शादी की रस्म के दौरान बच्चियों सहित 25 महिलाएं कुएं में गिरी,13 की मौत, मौके पर पहुंचा प्रशासन,शादी की खुशियां मातम में बदली… पीएम मोदी और

UP में बड़ा हादसा-शादी की रस्म के दौरान बच्चियों सहित 25 महिलाएं कुएं में गिरी,13 की मौत, मौके पर पहुंचा प्रशासन,शादी की खुशियां मातम में बदली…

पीएम मोदी और सीएम योगी ने हादसे पर जताया दुख

न्यूज़ एप/कुशीनगर

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के कुशीनगर (Kushinagar accident) में बुधवार की रात हल्दी की रस्म के दौरान दिल दहलाने वाला हादसा हो गया. इस हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. मरने वालों में महिलाएं और बच्चियां शामिल हैं.

बताया जा रहा है कि गांव में एक शादी समारोह से पहले हल्दी रस्म के दौरान सभी महिलाएं कुएं की जाली पर बैठकर पूजा कर रही थीं, तभी जाली टूट गई और सभी उसमें गिर गईं. हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने गांव के लोगों की मदद से महिलाओं को कुएं से बाहर निकालने का काम शुरू किया.

समय से नहीं पहुंची एम्बुलेंस

कुशीनगर में हुए इस हादसे के बाद गांव के ही एक युवक ने बताया कि एम्बुलेंस के लिए कई बार फोन किया गया था. दस लोगों ने समय-समय पर एम्बुलेंस के लिए फोन किया, लेकिन मदद करने कोई एम्बुलेंस नहीं पहुंची. ये हालात तब देखने को मिले जब घटनास्थल से सिर्फ 3 किलोमीटर दूर ही एक अस्पताल मौजूद है. हादसे के बाद जब मौके पर एम्बुलेंस नहीं पहुंची तो प्राइवेट जीप और पुलिस की गाड़ियों से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.

हादसे के वक्त घटनास्थल पर मौजूद युवक ने कहा कि लगभग पुलिस स्टेशन और अस्पताल समान दूरी पर हैं, लेकिन घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. पुलिस के रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान लोग एम्बुलेंस को फोन करते रहे, लेकिन वह मदद के लिए नहीं पहुंची.

हादसे के वक्त मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारी
कुछ समझ नहीं आया कि क्या हुआ…

मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि महिलाएं मटकोर में व्यस्त थी तो पुरुष खाना बनाने की तैयारी में लगे थे. इसी बीच कुएं में महिलाओं के गिरने की खबर से हर कोई उस तरफ दौड़ पड़ा. लोगों को समझ में नहीं आ रहा था कि क्या करें. इसी बीच कुछ नौजवान लड़के रस्सी के सहारे कुएं में उतर गए और महिलाओं व बच्चियों को निकालना शुरू कर दिया. लोग वहां पर चीख रहे थे. परिजन अपनों को खोजने में लगे थे. कुछ ही देर में गांव में पुलिस की गाड़ी पहुंच गई और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.

परिवार की सदस्यों का कहना है कि उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि स्लैब टूट जाएगा. हालांकि जब लोग उस पर चढ़ रहे थे तो मना भी किया जा रहा था कि स्लैब टूट जाएगा. लेकिन लोग डांस देखने के लिए आगे कोई कुछ भी सुनने को तैयार नहीं था.

पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

कुशीनगर में हुए इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जाहिर किया है. पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ‘उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में हुआ हादसा हृदयविदारक है. इसमें जिन लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है, उनके परिजनों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. इसके साथ ही घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं. स्थानीय प्रशासन हर संभव मदद में जुटा है.’

इसके साथ ही पीएम मोदी ने कुशीनगर हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है. पीएम मोदी ने कहा, कुशीनगर में हुए दुखद हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष की ओर से 2-2 लाख रुपये घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे.

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में हुआ हादसा हृदयविदारक है। इसमें जिन लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है, उनके परिजनों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। इसके साथ ही घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन हर संभव मदद में जुटा है।

सीएम योगी ने दिए अधिकारियों को निर्देश

हादसे की सूचना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल बचाव व राहत कार्य संचालित कराने तथा घायल लोगों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं.

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी हादसे पर दुख जाहिर किया….

अमित शाह ने ट्वीट किया, ‘उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में हुआ हादसा अत्यंत दुःखद है. इसमें जिन्होंने अपनों को खोया है, उनकी इस अपूरणीय क्षति पर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. साथ ही ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!